- दो दिन बाद शुरू हुआ कूड़ा कलेक्शन का कार्य
- नगर निगम से मिल गया भुगतान का आश्वासन
आगरा। शहर में दो दिन की हड़ताल के बाद स्वच्छता कॉरपोरेशन के 700 कर्मचारी बुधवार को काम पर लौट आए। नगर निगम और कंपनी के बीच बात करने के बाद उन्होंने सुबह से शहर में कूड़ा कलेक्शन का काम शुरू कर दिया। दीपावली के त्योहार पर वेतन नहीं मिलने से नाराज कंपनी के 240 ड्राइवर सहित 700 कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। कंपनी के अधिकारियों ने काम शुरू करने के लिए कहा तो कर्मचारी वेतन के लिए अड़ गए। पिछले तीन महीने से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि नगर निगम से बकाए का भुगतान होते ही उन्हें वेतन दे दिया जाएगा। नगर निगम ने कंपनी को पिछले सात महीने से भुगतान नहीं किया है। 14 करोड़ रुपये कंपनी का नगर निगम पर बकाया है। इससे कंपनी की हालत खस्ता हो गई। कंपनी अधिकारी सुशील कुमार ने बताया सभी कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। कंपनी के अधिकारी और नगर निगम के बीच हुई वार्ता में तय हुआ है कि निगम अगले 10 दिनों में बकाए का भुगतान कर देगा। यह जानकारी कर्मचारियों को दी गई तो उन्होंने काम करना शुरू कर दिया है।
बता दें कि शहर में घर-घर से कूड़ा कलेक्शन करने के लिए कंपनी ने 220 वाहन लगाए हुए हैं। ड्राइवर के साथ कूड़ा कलेक्शन करने के लिए हेल्पर भी चलते हैं। वेतन न मिलने से चालक और हेल्पर वाहनों को खुले मैदान में खड़ा करके हड़ताल पर चले गए थे। इससे शहर में सैकड़ों मीट्रिक टन कूड़ा डलाबघरों और सड़क पर था। दीपावली पर घरों में सफाई चल रही है।
0 टिप्पणियाँ