- जनता को 487.67 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी
- योगी ने तारघर मैदान में प्रबुद्धजन सम्मेलन किया संबोधित
- डबल इंजन सरकार के गिनाए कार्य, जनता को दिया भरोसा
आगरा 28 नवम्बर 2022। उत्तर प्रदेश सरकार आगरा को शिक्षा और आईटी का हब बनाएगी। मार्च से पहले नई नीति आ जाएगी, जिसमें आगरा को आईटी पार्क का तोहफा दिया जाएगा। यह कहना था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का, जिन्होंने सोमवार को आगरा 487.67 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी है।
उन्होंने सोमवार को तारघर मैदान में 88 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि ताज ट्रेपेजियम जोन में आगरा को विशेष जोन का दर्जा मिलेगा, जिसमें कई सौगातें आईटी पार्क बनाने पर उद्यमियों को मिलेंगी। हजारों नौजवानों को रोजगार मिलेगा। सीएम ने कहा कि जब पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो वैश्विक मंच पर भारत का उदय हुआ है। ब्रिटेन को पीछे करके भारत 5वीं बढ़ी अर्थव्यवस्था बना है। आगरा साल 2017 के पहले सबसे गंदे शहर में गिना जाता था। प्रदूषण इस कदर था कि सुप्रीम कोर्ट को उद्योगों को बंद करना पड़ा था। कई पाबंदी लगानी पड़ी थीं। आगरा आज स्मार्ट सिटी के रूप में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मेट्रो का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
सीएम ने कहा कि आने वाले एक साल में आगरा में मेट्रो की सुविधा मिलने वाली है। आगरा प्रधानमंत्री आवास योजना में देश में नंबर वन है। उन्होंने कहा कि पहले क्या गरीबों को आवास मिल पाते थे? पहले कभी कोई सोचता था कि गरीब को विद्युत कनेक्शन मिलेंगे? नि:शुल्क सिलेंडर मिलेंगे? डबल इंजन सरकार में गरीबों के हित में कार्य हो रहे हैं। कोविड काल में नि:शुल्क उपचार मिला। नि:शुल्क टीकाकरण किया गया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यहां म्यूजियम के नाम पर तमाशा बनाया जा रहा था। मुगल म्यूजियम बनाया जा रहा था। हमने छत्रपति शिवाजी के नाम पर बनवाया।
मैनपुरी से लौटकर की जनसभा
आगरा। मुख्यमंत्री सोमवार दोपहर को यहां राजकीय वायुयान से खेरिया हवाई अड्डे पर पहुंचे। फिर यहां से पहले मैनपुरी गए। वहां चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद सीधे आगरा में तारघर मैदान में पहुंचे। मेयर नवीन जैन और भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्हें पुष्पमाला पहनाई और स्मृति चिन्ह भेंट किया। इसके बाद 88 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र सौंपे।
स्कूली बच्चों ने दी प्रस्तुतियां
आगरा। मुख्यमंत्री के आगमने से पहले विधायक और मंत्रियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। एक बच्चे के शरीर पर बॉडी पेंटिंग से योगी लिखा था। आई लव इंडिया जैसे टैटू बने थे। रंग-बिरंगे परिधानों में कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।
महिला कर्मचारी हुई बेहोश
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने से पहले विकास खंड बरौली की कर्मचारी मोनिका सिंह बेहोश हो गई। गेट नंबर-दो पर जब वह सेल्फ हेल्प ग्रुप के साथ प्रवेश कर रही थी, तब वह बेहोश हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए आधा घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा, लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। ब्लॉक की गाड़ी मंगवाकर महिला को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
जिसे आवास नहीं मिले हैं, उसे आवास मिलेंगे
मैं आज यही सुरक्षा की गारंटी देने यहां आया हूं
आगरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट में आगरा ने लेदर और मार्बल में अपनी पहचान बनाई है। हम सब विकास की प्रक्रिया से जुड़े। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन फरवरी २०23 में होगा। माफिया अपराधी जो पहले लोगों का जीवन हराम करते थे, आज हमारी पुलिस ने माफिया गुंडों का जीना हराम कर दिया है। अब ये गले में तख्ती लटकाकर जान बख्शने की मांग करते हैं। मैं आज यही सुरक्षा की गारंटी देने आया हूं। आगरा के सभी व्यापारी, प्रबुद्धजनों से कहने आया हूं कि आसपास के क्षेत्र में अधिक से अधिक बिजनेस डेवलप करें।
इस विकास की रफ्तार को थमने नहीं देना है
आगरा। योगी ने कहा कि पहले ठेला लगाने वालों को कोई पूछता नहीं था। उनके परेशान करने की खबरें ही आती थीं, लेकिन पीएम मोदी ने उनके लिए सोचा। उनके पुनर्वास की व्यवस्था की। कभी ये सोचा था कि आगरा में एयर कनेक्टिविटी होगी, मेट्रो आएगी, शुद्ध गंगाजल मिलेगा, ये कभी सोचा था। ये विकास की रफ्तार को थमने नहीं देना है। इस संकल्प के साथ मिलकर हम काम करेंगे।
सांसद बघेल ने हाईकोर्ट बेंच और स्टेडियम मांगे
आगरा। केंद्रीय राज्यमंत्री व आगरा सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मंच से मुख्यमंत्री के सामने शहर के लिए स्टेडियम और इशारों में हाईकोर्ट बेंच की मांग की। उन्होंनेे कहा कि आगरा-इलाहाबाद की दूरी कम करा दीजिए। उन्होंने कहा कि यहां की जनता लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की मांग कर रही है। ताजमहल के कारण यहां हमेशा 10 से 20 हजार विदेशी पर्यटक रहता है। ऐसे में स्टेडियम बनने से अंतरराष्ट्रीय और आइपीएल के मैच हो सकेंगे। इससे पर्यटन व्यवसाय को पंख लगेंगे। इसके बाद उन्होंने इशारों में हाईकोर्ट बेंच की बात रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि आप आगरा की जनता लिए आगरा से इलाहाबाद की दूरी कम करवा दीजिए। मुख्यमंत्री की तरफ से कोई आश्वासन नहीं मिला।
इनकी रही मौजूदगी
आगरा। प्रबुद्धजन सम्मेलन में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह, मेयर नवीन जैन, महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, पक्षालिका सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश, चौ. बाबूलाल, छोटेलाल वर्मा, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह, महानगर अध्यक्ष भानू महाजन, किसान मोर्चा के महानगर अध्यक्ष श्याम सिंह चाहर, महानगर मंत्री मनोज बघेल, माधवेंद्र नाथ सिंह आदि मौजूद रहे।
हंगामा के बाद छात्र हिरासत में लिए, छोड़े
आगरा (अमर भारती)। प्रबुद्धजन सम्मेलन में छात्र-छात्राएं पहुंच गए, जिन्होंने हंगामा किया। वे हाथों में बैनर लेकर पहुंचे थे। इस पर लिखा था-योगी जी सुनो पुकार, मार्कशीट में कराओ सुधार। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्र-छात्राओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें थाने ले गए। वहां भी उन्होंने हंगामा किया। बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। बता दें कि मार्कशीट में परीक्षा के अंकों के कॉलम में नहीं थे। यह खाली थी। इसको लेकर छात्र-छात्राएं कई महीने से अभियान चला रहे हैं। इसी के चलते वे मुख्यमंत्री योगी की जनसभा में पहुंच गए थे।
0 टिप्पणियाँ