आगरा। दुनिया के सातवें अजूबे ताजमहल का दीदार करने के बाद अपने प्यार को अमर बनाने के लिए एक विदेशी जोड़े ने हिंदू रीति रिवाजों से सात फेरे लेकर पुनर्विवाह किया। ताजमहल के साए में दशहरा घाट मंदिर पर दोनों ने माता की प्रतिमा के समक्ष शादी की। ताजमहल की ख़ूबसूरती और उसको बनाने वाले शाहजहां और उनकी बेगम मुमताज महल के बेपनाह इश्क की कहानी सुनने के बाद हर कपल भावुक हो जाता है। हिंदू धर्म में शादी को सात जन्मों का बंधन माना जाता है। भारत की संस्कृति को जानकर तमाम विदेशी हिंदू धर्म को मानने लगते हैं। ऐसा ही एक कल ताजमहल पर दिखाई दिया। यूएस के रहने वाले गेराड़ सेमुअल अपनी पत्नी इंग्लैंड निवासी मिसेज कारोलाइन सैमुअल के साथ दिल्ली की ट्रेवल कंपनी क्यू एक्स पी से बुकिंग करके ताजमहल देखने आए थे। दोनों ने तीस साल पहले प्रेम विवाह किया था।
ताजमहल आने के बाद जब उन्हें उनके गाइड भारत भूषण ने शाहजहां और मुमताज की प्रेम कहानी और हिंदू संस्कृति के बारे में बताया तो दोनों भावुक हो गए। इत्तफ़ाक था कि गुरुवार को उनकी शादी के तीस साल पूरे हुए थे। दोनों ने दशहरा घाट पर ताजमहल के सामने एक दूसरे को वरमाला पहनाई और फिर वहीं मंदिर में माता की प्रतिमा के सामने सात वचन लेकर मांग में सिंदूर लगाया और प्रतिमा के सात फेरे लेकर दोबारा शादी की। शादी के बाद दोनों आगरा से रवाना हो गए। ताजमहल के साए में शादी करने की हसरत लेकर सालाना सैकड़ों लोग आगरा आते हैं। दिल्ली, मुंबई, जयपुर, उदयपुर समेत बड़े शहरों में जो शादी का खर्च करोड़ों में होता है। आगरा में पांच सितारा होटल में दो से तीन दिन रहकर शादी करने में भी वो खर्च लाखों में ही निपट जाता है।
बीते दिनों फिल्म अभिनेत्री पायल रोहतगी और रेसलर संग्राम सिंह ने आगरा में आकर शादी की थी। प्यार का पंचनामा फिल्म के डायरेक्टर लव रंजन ने भी आगरा में आकर शादी की थी और तमाम फिल्मी सितारे शादी में शामिल हुए थे। क्रिकेटर दीपक चाहर ने भी आगरा में ही शादी की थी।
0 टिप्पणियाँ