BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

बाजारों में खरीददारी को खूब उमड़ी भीड़

  • सराफा बाजार में दिखी चमक
  • इलेक्ट्रॉनिक बाजार में ऑफर 
  • बर्तनों की जमकर हुई खरीदारी 
  • बाजारों में रही जाम की स्थिति 



आगरा। धनतेरत एवं दीपोत्सव को लेकर शनिवार को बाजारों में खरीदारी के लिए खूब भीड़ उमड़ी। धनतेरस का मुहूर्त शनिवार से शुरू हो गया। आज रविवार को भी लोग धनतेरस मना रहे हैं। इसके चलते सदर बाजार में जाम के हालात रहे। इसी तरह किनारी बाजार, बिजली घर, सुभाष बाजार, सिंधी बाजार में भी भीड़ रही। दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस के हाथ पांव फूल गए।



धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के लिए बाजार रात तक गुलजार रहे। एमजी रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक शोरूम, ज्वेलरी शोरूम में भीड़ रही। इसके अलावा कपड़ों के शोरूम में भी अच्छी रौनक रही। वहीं शहर के पुराने बाजारों में भी दीपावली की रौनक दिखाई दी। दीपोत्सव का पर्व शनिवार से शुरू हो गया। धनतेरस के साथ ही त्योहार की शुरुआत हो गई। बाजार में त्योहार को लेकर विशेष तैयारी की गई हैं। धनतेरस पर नया सामान खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में लोगों ने शुभ मुहूर्त में बाजार खरीदारी की योजना बनाई। बाजार भी खूब सजाए गए हैं। धनतेरस पर यूं तो कोई भी नई चीज खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में लोगों ने अपना मन पसंद सामान पहले से बुक कर लिया था। जिन्होंने पहले से कुछ तैयारी नहीं की है वो अंतिम समय में बाजार में पहुंचे। धनतेरस पर बाजार में सबसे ज्यादा सोने-चांदी के आभूषण, सिक्कों की खरीदारी की गई। ऐसे में सराफा बाजार में धनतेरस को लेकर ज्यादा चमक रही। विक्टोरिया काल के सिक्कों की मांग आज भी बनी हुई है। 10 ग्राम, 50 और 100 ग्राम के सिक्कों के साथ हटरी, लक्ष्मी-गणेश के नए डिजायन बाजार में हैं। बता दें कि धनतेरस पर मध्यम वर्ग के लोग सबसे ज्यादा बर्तनों की खरीदारी करते हैं। इस बार स्टील व अन्य धातुओं के दाम में बढ़ोतरी के चलते बर्तनों की कीमत में 20 प्रतिशत तक का इजाफा है। इसके बाद भी बर्तन बाजार में खरीदारों की कमी नहीं है। धनतेरस पर सबसे ज्यादा रसोई में काम आने वाले और काम को आसान बनाने उपकरणों की ज्यादा डिमांड रही। वैसे तो बर्तन की दुकान हर क्षेत्र में हैं। कॉलोनियां में भी बर्तनों की दुकानों पर नया स्टॉक मंगाया गया है। धनतेरस और दीपावली के लिए कंपनियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम पर स्कीम और ऑफर दिए गए हैं। कैश बैक ऑफर और बढ़ी हुई वारंटी के साथ 20 प्रतिशत तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसके कारण ही इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी करंट दौड़ पड़ा है। एलईडी की डिमांड सबसे ज्यादा है। इसके अलावा डबल डोर फ्रिज, वाशिंग मशीन की भी अच्छी मांग है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ