- दिल्ली जैसा हादसा होने से बचा, टाटा-407 में फंसी बाइक
- ड्राइवर ने नहीं रोका वाहन, अन्य लोगों पीछा कर रुकवाया
आगरा 05 जनवरी 2023। शहर में दिल्ली जैसा हादसा घटित होने से बच गया। टाटा गाड़ी के नीचे आने के बाद समय से सूझ-बूझ काम आ गई और बाइक छोड़कर छलांग लगा दी। इससे बाइक सवार ने खुद की जान बचा ली। युवक फुर्ती दिखाते हुए बाइक से न कूदता तो शायद वह भी दिल्ली की लड़की की तरह काफी दूर तक वाहन के नीचे घिसटता रहता। टूंडला लतीपुरा निवासी अनिल पुत्र भूरी सिंह गुरुवार को पल्सर बाइक से समर्पण ब्लड बैंक जा रहा था। उसकी सास का इलाज चल रहा है। इसी दौरान जब वह जवाहर पुल से गुजरा तो वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर आगे चल रही टाटा 407 नंबर को ओवरटेक किया। ओवरटेक करते समय अनिल टाटा 407 से टकरा गया और बाइक समेत रोड पर गिर गया। अनिल ने फुर्ती दिखाते हुए बाइक से छलांग लगाई, लेकिन उसकी बाइक टाटा 407 के अगले पहिए में फंस गई।
ड्राइवर ने टाटा 407 को नहीं रोका। अनिल की बाइक करीब 100 मीटर तक रोड पर घिसटती रही। दुर्घटना कर भाग रहे ड्राइवर के न रुकने पर अनिल के पीछे आ रहे अन्य बाइक सवारों ने आगे जाकर टाटा 407 को वाटर वर्क्स फ्लाई ओवर से पहले रुकवा लिया और ड्राइवर को पकड़ लिया। घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंच गई। वहीं पीड़ित अनिल ने बताया कि अगर बाइक से नहीं कूदता तो शायद वह जिंदा नहीं बचता। गौरतलब है कि दिल्ली में भी एक कार ने दो स्कूटी सवार लड़की को टक्कर मार दी थी। जिससे लड़की कार के नीचे फंस गई थी और कार सवार ने कई किलोमीटर तक उसे घसीटा, जिससे उसकी मौत भी हो गई थी। अगर अनिल बाइक से नहीं कूदता तो उसके साथ भी ऐसी घटना घटित हो सकती थी।
0 टिप्पणियाँ