आगरा 31 अगस्त 2023। उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल ने दुर्घटना राहत कार्यों को तत्परता से नियंत्रित करने के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आगरा रेल मंडल ने सड़क मार्ग से जल्द रिलीफ पहुंचाने के लिए एक्सीडेंट रिलीफ रोड व्हीकल हायर किया है। यह आगरा मंडल की पहली और उत्तर मध्य रेलवे की दूसरी एक्सीडेंट रिलीफ रोड व्हीकल व्यवस्था है। जिसका मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल ने उद्घाटन किया। साथ ही हरी झंडी दिखाकर मंडल रेल प्रबन्धक कार्यालय से रवाना किया।
गौरतलब है कि इस वाहन में दुर्घटना राहत कार्यों के दौरान प्रयोग में आने वाले सभी उपकरणों को समायोजित किया गया है। वाहन को इसी के अनुरूप डिजाइन किया गया है। इसके अतिरिक्त इस वाहन में उपकरणों के साथ-साथ रेलवे कर्मचारियों के दुर्घटना स्थल तक परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है। इस वाहन को आगरा मंडल के आगरा स्टेशन के निकट रखा जायेगा। जिससे समस्त मंडल में किसी भी दुर्घटना स्थल पर सड़क मार्ग द्वारा तत्परता से पहुंचाया जा सके। आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि बालासोर में हुए हादसे में रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में रेलवे के रिलीफ वाहन को पहुंचने में बड़ी परेशानी हुई थी, जिस कारण राहत बचाव कार्य में देरी हुई थी। इसको देखते हुए आगरा रेल मंडल द्वारा सड़क मार्ग से जल्द रिलीफ पहुंचाने के लिए एक्सीडेंट रिलीफ रोड व्हीकल हायर किया गया है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबन्धक (इन्फा.) असद सईद, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ओएण्डएफ) एसके सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर, राज कुमार वर्मा व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ