BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

धर्म पथ के लिए जीवन में सरलता जरूरी है: जैन मुनि डॉ. मणिभद्र

  • पूर्णत: वैज्ञानिक है जैन धर्म-योगेंद्र उपाध्याय
  • अंतरराष्ट्रीय मानव मिलन सम्मेलन हुआ शुरू 
  • नेपाल और कई प्रांतों से आए हुए हैं प्रतिनिधि


आगरा। दो दिवसीय 28 वां अंतरराष्ट्रीय मानव मिलन सम्मेलन शनिवार को प्रारंभ हो गया। इसमें नेपाल व कई प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। इसके संस्थापक जैन मुनि डॉ.मणिभद्र महाराज ने सभी को जीवन में सरलता अपनाने पर जोर दिया। वहीं प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने जैन धर्म को वैज्ञानिक बताया। सम्मेलन में नेपाल,  पूना,  जम्मू,  कानपुर,  मुंबई आदि के प्रतिनिधि आए हैं। न्यू राजामंडी के जैन स्थानक महावीर भवन में शनिवार को आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय थे। उन्होंने कहा कि जैन धर्म वैज्ञानिक है। इसके हर संदेश में विज्ञान छिपा हुआ है। चाहे पानी छान कर पीने की परंपरा हो या मुख पट्टिका लगाने की बात हो, सभी स्वास्थ्य के लिए उत्तम है। जो मास्क हम लोग लगाने को मजबूर हुए, उसे जैन धर्म ने हजारों साल पहले ही पहनने कि हिदायत दी व उसकी परंपरा शुरू की। 

जैन मुनि डॉ.मणिभद्र महाराज ने 37 दिवसीय भक्तामर स्रोत अनुष्ठान के समापन पर सभी को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी ने इस में उत्साह दिखाया। उन्होंने कहा कि आचार्य मांगतुंग ने 48 वे श्लोक के माध्यम भगवान महावीर को अपने भावों के पुष्प अर्पित किए। बताया कि भक्तांबर स्रोत अनुष्ठान बहुत प्रभावशाली है। उसके विधिपूर्वक अनुष्ठान से वैभव प्राप्त होता है। जो भी इन श्लोकों को कंठस्थ कर लेता है, महालक्ष्मी की उस पर विशेष कृपा होती है। उन्होंने कहा कि धर्म का लाभ लेने का सबसे बड़ा उपाय है जीवन को सरल बनाना। सिद्धियां भी उसी को प्राप्त होती हैं, जिसकी धर्म पर अटूट आस्था होती है।
समारोह की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय मानव मिलन के महामंत्री अभय कोटेचा (मुंबई) ने की। तप करने वाले अर्पित भाई, राजाराम,  अनिल कुमार,  अतुल, रचना पारक, मधु, तारुषि जैन, बालकृष्ण जैन को सम्मानित किया गया।  मुंबई से आई पार्श्व गायिका जमुना शर्मा ने भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किया। मानव मिलन के महिला विभाग की महामंत्री ललिता ओसवाल,  नेपाल की सावित्री, काठमांडू के राजेंद्र चौरडिय़ा, सोनीपत के महावीर प्रसाद जैन, पूना की मीना ओसवाल आदि ने विचार व्यक्त किए। श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक सुराना ने सभी का स्वागत किया। नरेश चपलावत, राजेश सकलेचा,  आदेश बुरड़,  मुकेश चपलावत,  विवेक कुमार जैन, अमित गादिया, वैभव जैन, सुमित्रा सुराना, सुलेखा सुराना आदि ने व्यवस्था संभाली। मीडिया प्रमुख विवेक कुमार जैन के अनुसार स्मृति भवन, जयपुर हाउस से रविवार को सुबह शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रेसन भवन पहुंचेगी। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ